छपरा कचहरी-गोमतीनगर स्पेशल ट्रेन आज से चलेगी
तमकुहीरोड (कुशीनगर)। कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर बृहस्पतिवार से छपरा कचहरी-गोमतीनगर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का संचलन भी शुरू हो जाएगा। ट्रेन प्रतिदिन शाम 07:20 बजे छपरा कचहरी और रात में 09.10 बजे गोमतीनगर से चलेगी।
थावे-कप्तानगंज रेल मार्ग पर कोरोना की दूसरी लहर में ट्रेनों का संचलन पर रोक दिया गया था। महामारी का असर कम होने पर पर 26 जून से सीवान-गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन और 28 जून से गोरखपुर-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन को चलाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस रूट पर तीसरी ट्रेन के चलने से लखनऊ तक की राह आसान हो जाएगी। गोमतीनगर-छपरा कचहरी स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन शाम 07:20 बजे छपरा कचहरी से चलकर दूसरे दिन सुबह 6:35 बजे गोमतीनगर स्टेशन पहुंचेगी। जबकि गोमतीनगर से रात में 09:10 बजे से चलकर दूसरे दिन सुबह 8.40 बजे छपरा कचहरी स्टेशन पहुंचेगी। सेवरही नगर पंचायत के चेयरमैन श्यामसुंदर विश्वकर्मा का कहना है कि इस क्षेत्र के अधिकांश लोगों को उच्च शिक्षा, चिकित्सा, नौकरी व अन्य कार्यो से बराबर लखनऊ आना-जाना होता है। यह ट्रेन सभी लोगों की सुखद यात्रा में मददगार होगी।
क्षेत्र के निवासी अशोक कुमार वर्मा, देवचंद्र प्रसाद, जयंत गुप्ता, राहुल सोनी, नीरज वर्मा, मोहम्मद मिकाइल, पवन वर्मा, ध्रुव निषाद, सिद्धार्थ सोनी, ओमप्रकाश वर्मा, दिवाकर दत्त निर्गुणायत आदि का कहना है कि इस ट्रेन का संचलन शुरू होने से लखनऊ तक की यात्रा सुगम बनेगी। इस संदर्भ में तमकुहीरोड के स्टेशन अधीक्षक मयंक राजहंस का कहना है कि इसके लिए रेल टिकटों के आरक्षण के साथ अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।