कसया। विश्व को शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश देने वाली गौतम बुद्ध की धरती से शुरू हुए युद्ध विराम शांति सत्याग्रह को लोगों का समर्थन मिलने लगा है। दूसरे दिन सत्याग्रहियों ने देशवासियों से शांति के समर्थन में सड़कों पर उतरने का आह्वान किया।
आंदोलन का नेतृत्व पूर्वांचल गांधी उपनामधारी संपूर्णानंद मल्ल कर रहे हैं। आरटीआई एक्टिविस्ट व गोरखपुर मंडल अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि अब केवल चिंतन से काम नहीं चलेगा, बल्कि हर नागरिक को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आज भी समाज मौन रहा तो आने वाला समय मानवता के लिए घातक हो सकता है। सत्याग्रह के माध्यम से केंद्र सरकार से युद्ध विराम के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता देने की मांग की गई।
आयोजकों ने आमजन से अपने घरों से बाहर निकलकर “युद्ध बंद करो” के नारे के साथ मुहिम को जनआंदोलन बनाने की अपील की। उनका कहना है कि कुशीनगर से उठी शांति की आवाज पूरे देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभाव डालेगी।
इस दौरान अंशुमान पांडेय बागी, मनोज कुमार राव, विजय बहादुर कुशवाह, योगी राजेश्वर मुनि, जितेंद्र मणि त्रिपाठी , मकसद अहमद, सोनू गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, शिवेंद्र मिश्रा, सुरेंद्र पांडेय, लालबाबू पासवान आदि मौजूद रहे।