पडरौना। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से मंगलवार को इंटर और हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इसमें हाईस्कूल की परीक्षा में अभिमन्यु ने 98 प्रतिशत और इंटरमीडिएट की परीक्षा में नितिन सिंह ने 96.2 फीसदी अंक हासिल किया। इन होनहारों के स्कूल से लेकर घर तक जश्न का माहौल है। परिजनों के पास शुभकामनाएं पहुंच रही हैं। कुशीनगर जिले में कुल 37 विद्यालय केंद्रीय माध्यमिक शिक्ष बोर्ड से संचालित होते हैं। पिछले 15 फरवरी से चार अप्रैल तक हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा आयोजित हुई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार की दोपहर पहले इंटरमीडिएट और दोपहर बाद हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम घोषित किया।
हाईस्कूल व इंटर का परीक्षा परिणाम जारी होने पर बच्चों के साथ अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्कूलों का शतप्रतिशत रिजल्ट बनने पर स्कूल संचालकों ने राहत की प्रसन्नता जताई। इंटर की परीक्षा परिणाम में हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल कसया के नितिन सिंह ने 96.2 फीसदी अंक प्राप्त किया। जेडीएस स्कूल पडरौना के सुहेल, सेंट जेवियर्स स्कूल पडरौना के सादाब अली व पीजी सीनियर सेकेंड्री स्कूल कप्तानगंज के सुमेश्वर सिंह ने 96 फीसदी अंक प्राप्त किया।
वहीं हाईस्कूल में एसडी पब्लिक स्कूल बभनौली रामकोला के अभिमन्यु सिंह ने 98 प्रतिशत अंक हासिल किया। जेडीएस स्कूल पडरौना के यश बर्नवाल व हालमार्क वर्ल्ड स्कूल कप्तानगंज के अविनाश सिंह ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। पीजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हाईस्कूल में राखी ने 97.4 प्रतिशत प्राप्त किया। केंद्रीय विद्यालय गांगरानी के आयुष्मान श्रीवास्तव ने 97.2 प्रतिशत, और प्रशांत गुप्ता को 96.2 प्रतिशत, आदर्श कुमार सिंह को 96 प्रतिशत, अंकित मिश्रा ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है।