शादी के लिए रखे नकदी और आभूषण चोरी
कसया। नगर के वार्ड नंबर-2 मां कोटेश्वरीनगर (विशुनपुरवा) में शुक्रवार की रात चोरों ने श्रीराम कुशवाहा के घर में घुसकर बेटी की शादी के लिए रखे हुए 50 हजार रुपये नकद व जेवरात समेत बॉक्स चुरा लिया। उन्होंने थाने में तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
गृहस्वामी ने बताया कि रात में भोजन करने के बाद परिवार के लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। इसके बाद घर में घुसे चोरों ने नकदी और आभूषण रखा बॉक्स चुरा लिया। कोई वस्तु गिरने की तेज आवाज पर घर के लोग कमरों से बाहर निकले तो कुछ व्यक्ति घर से बाहर भागते दिखाई दिए। गृहस्वामी ने बताया कि एक दिसंबर को बेटी की शादी है। इसके लिए किसी तरह से बंदोबस्त कर एक-एक सामान की खरीदारी कर घर में रखा था। उन्होंने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।