अस्पताल संचालक समेत दो के खिलाफ केस दर्ज
निजी अस्पताल में नवजात की मौत के मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
गोड़रिया (कुशीनगर)। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जंगल नौगावां में रविवार को प्रसव के दौरान नवजात की मौत और प्रसूता की हालत नाजुक होने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रसूता के ससुर की तहरीर पर अस्पताल संचालक समेत दो के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जंगल नौगावां निवासी ठग यादव ने तहरीर में बताया है कि उनकी बहू रिंकी यादव को प्रसव के लिए गांव में संचालित एक निजी अस्पताल में शनिवार को भर्ती कराया था। रविवार को प्रसव के दौरान गलत इलाज करने से नवजात की मौत.हो गई, जबकि प्रसूता रिंकू यादव की हालत गंभीर हो गई। इसके बाद रिंकी को सीएचसी दुदही ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पडरौना स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
विशुनपुरा थाने के एसओ नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पीड़िता के ससुर की तहरीर पर सीएचसी के चिकित्सक डॉ. नितिन की मौजूदगी में अस्पताल पर छापा मारकर अस्पताल संचालक विंध्याचल निषाद निवासी ग्राम कोकिलपट्टी व रिंकी सिंह कुशवाहा निवासी ग्राम बतरौली धुड़खड़वा टोला रामपुर को गिरफ्तार किया गया है। तहरीर के आधार पर इन दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।