फाजिलनगर। खेलने के दौरान पोल में उतरे करंट से बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने बिजली निगम के अफसरों और लाइनमैन पर गैर इरादतन हत्या का केस बृहस्पतिवार को दर्ज कर लिया। घटना से नाराज लोगों ने बिजली उपकेंद्र पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। कार्रवाई के बाद से आरोपी कर्मचारी उपकेंद्र से गायब हैं।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी अशोक उर्फ राहुल खरवार का छह वर्षीय बेटा कार्तिक गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के पास बुधवार को हमउम्र बच्चों के साथ खेल रहा था। खेल-खेल में वह पोल को पकड़ टच किया तो करंट की चपेट में आ गया। बच्चे को लेकर लोग सीएचसी पर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद नाराज लोग शव को लेकर बिजली उपकेंद्र पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। एक घंटे तक उपकेंद्र पर लोगों ने प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस के आश्वासन के बाद नाराज लोग शांत हुए। पटहेरवा इंस्पेक्टर राकेश रोशन ने बताया कि पुलिस इस मामले में राहुल खरवार की तहरीर पर पटहेरवा पुलिस ने बिजली अधिकारियों और लाइनमैन पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।