नेबुआ नौरंगिया। शोहदे ने कक्षा आठ की छात्रा के साथ रास्ते में छींटाकशी शुरू की तो उसने स्कूल जाना छोड़ दिया। आरोपी घर में घुसकर दुष्कर्म करता था और धर्मांतरण कर शादी के लिए दबाव बनाता था। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपी पड़ोस का रहने वाला है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव कक्षा 8 की छात्रा करीब तीन किलो मीटर दूर स्कूल में पढ़ती है। स्कूल जाते और लौटते समय पड़ोस का मुस्लिम समुदाय का युवक छींटाकशी करता था। इसके डर से वह एक साल से स्कूल जाना छोड़ दिया था। तरह-तरह का बहाना बनाकर घर से भी नहीं निकल रही थी। छात्रा के पिता ने जबरन स्कूल भेजने की बात कही तो छात्रा पड़ोसी युवक की करतूत बताकर रोने लगी। उसने बताया कि घर पर जब मैं अकेली होती थी तो वह दुष्कर्म करता था। बात करने के लिए जबरन दो मोबाइल दिया है। फोन रिसीव नहीं करने पर तरह-तरह की धमकी देता था। वह धर्मांतरण कर शादी के लिए दबाव बनाता है। पिता ने युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो और धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर रामसहाय चौहान ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।