रामकोला। महराजगंज से रामकोला लौट रहे साले बहनोई की बाइक में रविवार की रात दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बहनोई की मौके पर मौत हो गई, जबकि साले को गंभीर चोटें आई हैं। घायल का कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। रामकोला, कप्तानगंज मार्ग पर छोटी गंडक पुल के पास दो बाइकों की टक्कर में दुर्घटना हुई। पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
रामकोला नगर के मां अनुसूया नगर निवासी मुकेश बांसफोर (23)अपनी बाइक से महाराजगंज रविवार को गए थे, रात में अपने साले संतोष (25) के साथ अपने घर रामकोला के लिए चले। कप्तानगंज नगर पार करने के बाद छोटी गंडक पुल के समीप अभी पहुंचे थे कि रात करीब 10.45 बजे सामने से आ रही दूसरी बाइक से इनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि बहनोई और साले गंभीर रूप से घायल हो गए, लोगों ने रामकोला सीएचसी पर पहुंचाया, प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने घायलों को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां ले जाते समय रास्ते में बहनोई मुकेश की मौत हो गई।
इसकी जानकारी होने पर सभासद आलोक गुप्ता, पूर्व सभासद राजेश यादव पहुंचे और परिवार को ढाढ़स बढ़ाया। घायल संतोष का इलाज चल रहा है।