सड़क जाम करने में सात नामजद और सौ अज्ञात पर केस
संवाद न्यूज एजेंसी
पिपरा बाजार। सरपतही बुजुर्ग गांव के 142 पट्टाधारकों की तरफ से चार सूत्री मांग को लेकर पडरौना-पनियहवा सड़क जाम करने के मामले में नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने सात नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बीते तीन दिसंबर को नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सरपतही बुजुर्ग गांव के 142 पट्टाधारकों ने चार सूत्री मांग को लेकर ढोरही-मंसाछापर मोड़ पर सड़क जाम किया था। करीब एक घंट बाद पहुंचे एडीएम देवी दयाल वर्मा, एसडीएम और सीओ के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया था।
इस मामले में पुलिस ने प्रमोद सिंह, अहमद, साबिर, अनीस, लाल मोहम्मद, छत्रधारी, फेकू गुप्ता समेत सात नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ सड़क जाम करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इस संबंध में एसओ गिरजेश उपाध्याय ने कहा कि सात नामजद और 100 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।