तमकुहीराज/सलेमगढ़। गेहूं मड़ाई को लेकर सोमवार को दो पक्षों में हुए विवाद के मामले में तमकुहीराज पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ चाकूबाजी व मारपीट का केस दर्ज किया है। दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला बुजुर्ग निवासी अमरजीत शर्मा और शिवशंकर श्रीवास्तव ट्रैक्टर स्वामी हैं। दोनों लोग भाड़े पर कृषि कार्य करते हैं। सोमवार की दोपहर बाद तीन बजे गांव के एक व्यक्ति के गेहूं मड़ाई के लिए दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और मारपीट होने लगी। मारपीट में दोनों पक्ष से एक-एक व्यक्ति को चोटें आईं हैं। मंगलवार क़ो अमरजीत शर्मा ने स्थानीय पुलिस को तहरीर सौंप चाकू से हमला करने और मारपीट का आरोप लगा तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तमकुहीराज पुलिस ने तहरीर के आधार पर वीरेंद्र लाल, सुधीर श्रीवास्तव और शिवशंकर श्रीवास्तव के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, दूसरे पक्ष की तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। इंस्पेक्टर तमकुहीराज अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक पक्ष से मिले तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट में तेज धारदार हथियार के चोट का उल्लेख नहीं है। इसलिए विवेचना में धाराएं कम की जाएंगी। दूसरे पक्ष से भी तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।