पकवा इनार(कुशीनगर)। यूपीएससी-2023 का मंगलवार को परीक्षा परिणाम घोषित हुआ। इसमें कुशीनगर के सौरभ शर्मा ने पहले ही प्रयास में 23वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सौरभ के बड़े भाई आईपीएस तो एक बहन वैज्ञानिक और दूसरी डॉक्टर है। सौरभ के पिता जेके शर्मा कसया में विद्युत विभाग में अधिशासी अभियंता
सौरभ कसया के नवजीवन मिशन स्कूल के टाॅपर स्टूडेंट रहे हैं। उन्होंने इंटर की पढ़ाई राजस्थान (कोटा) से पूरी कर दिल्ली आईआईटी से बीटेक की पढ़ाई की है। दिल्ली आईआईटी में ही बेहतर पैकेज पर एक मल्टीनेशनल कंपनी में सौरभ का चयन हुआ था। उन्होंने नौकरी छोड़ दी और सिविल सर्विसेज की तैयारी में जुट गए। कुछ दिन घर पर तैयारी करने के बाद वे दिल्ली चले गए। सौरभ पहले प्रयास में ही यूपीएससी परीक्षा में 23वीं रैंक हासिल कर आईएएस बने हैं। इनके पिता जेके शर्मा कसया में विद्युत विभाग में अधिशासी अभियंता रहे थे। वे देवरिया में अधीक्षण अभियंता के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद कुशीनगर में ही रहते हैं। जेके शर्मा मूल रूप से बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले के कतालपुर गांव के रहने वाले हैं। सौरभ ने बताया कि आईएएस में चयन से काफी प्रसन्नता महसूस हो रही है। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़े भाई, गुरुजन और शुभचिंतकों को दिया है। उन्होंने बताया कि वे दो बहन व दो भाइयों में सबसे छोटे हैं। बड़े भाई पुष्कर शर्मा छत्तीसगढ़ में आईपीएस हैं। बड़ी बहन पल्लवी रानी (इसरो) में वरिष्ठ वैज्ञानिक हैं। दूसरी बहन डाॅ. नेहा रानी सपहां पीएचसी में तैनात हैं।