कसया। नगर में एनएच-28 पर एक आटो मोबाइल पार्ट्स की दुकान पर एक कंपनी का डुप्लीकेट सामान बिक रहा था। कंपनी की ओर से कराई गई जांच में पकड़े जाने के बाद मैनेजर ने दुकानदार पर केस दर्ज कराया है। इस कार्रवाई से बाजार की कई दुकानें से शनिवार को बंद रहीं और आटो मोबाइल्स पार्ट्स बेचने वाले दुकानदारों में खलबली मची रही।
कंपनी के मैनेजर दीपक यादव को किसी ने जानकारी दी कि कसया नगर के हाईवे के किनारे सोनू आटोमोबाइल्स की दुकान पर कंपनी का डुप्लीकेट पार्ट्स बेचा जा रहा है। शुक्रवार को दुकान पर पुलिस टीम के साथ मैनेजर पहुंचे। दुकान पर मौजूद अमित ने टीम को दुकान में जाने से रोका। लेकिन, पुलिस की मदद से दुकान में रखे गए सामान की जांच की गई तो कंपनी का डुप्लीकेट फ्यूल फिल्टर चार पीस, एसए एलिमेंट आठ पीस, फिल्टर एलिमेंट दस पीस, फ़िल्टर एलिमेंट प्री फिल्टर सात पीस, स्पिन फिल्टर एक पीस, ऑयल फिल्टर एलिमेंट तीन पीस, स्पिन ऑन फ़िल्टर तीन पीस, क्लच डिस एन 393 डीआईए (क्लच प्लेट) दो पीस नकली मिले। सभी सामान कब्जे में लेकर टीम चली गई। दुकानदार पर कंपनी का नकली सामान बेचने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मैनेजर की तहरीर पर कॉपीराइट का उल्लंघन का केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।