तरयासुजान। तरयासुजान थाना क्षेत्र के तरयाखास निवासी पूनम देवी पत्नी पतंजलि पांडेय ने मारपीट के मामले में चार लोगों पर केस दर्ज कराया है। तहरीर में बताया है कि 17 अप्रैल की सुबह वह खाना बना रही थीं। उनका बेटा अभिषेक पांडेय घर में पढ़ाई कर रहा था। पुरानी रंजिश में मोहन यादव निवासी तरयासुजान नीलामी, नीरज प्रजापति, हीरालाल यादव और नीरज यादव निवासी तरयासुंदर दरवाजे पर आ गए और अभिषेक को अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए मारने-पीटने लगे। पूनम देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उन लोगों ने उन्हें भी मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर गांव के लोग पहुंचे तो आरोपी भाग गए। एसओ आशुतोष सिंह ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद
मारपीट में दो गंभीर, चार पर एफआईआर
पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मडार बिंदवलिया के टोला मुसहरी में जमीन बंटवारे को लेकर मारपीट में दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित रामनरेश यादव ने तहरीर देकर बताया है कि उसके हिस्से की जमीन में पट्टीदार घर बना रहे थे। इसको लेकर जब उसने आपत्ति जताई तो वे जमीन बंटवारे को लेकर कहासुनी करने लगे। मामला कहासुनी के बाद मारपीट में तब्दील हो गया। इस मारपीट में रामनरेश व उसकी बहू का हाथ फ्रैक्चर हो गया। दोनों घायलों ने सीएचसी में उपचार कराने के बाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दिनेश, शिब्बू, रामावती देवी, चंदा देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में चार के खिलाफ केस
तरयासुजान। तरयासुजान थाना क्षेत्र के सुमही बुजुर्ग उर्फ मेंहदिया निवासी रोशन तारा पत्नी मो. सलीम ने तरयासुजान पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि 16 अप्रैल की शाम सात बजे पड़ोसी नसीम पुत्र हासिम, जाबिर हुसैन पुत्र नसीम व चंदा परवीन पत्नी नसीम व गुलशन फातमा पत्नी अब्दुल रहीम लाठी-डंडा व राड लेकर घात लगाकर बैठे थे। आरोप है कि घर का कूड़ा-करकट फेंकने जब वह पीछे गई तो वे लोग अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए मारने-पीटने लगे। किसी तरह जान बचाकर वह घर में भागी तो उन लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की और तोड़फोड़ भी किया। बीच-बचाव करने पहुंचे पति मो. सलीम को उन भी लोगों ने मारा-पीटा। शोर सुनकर गांव के लोग पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। इस संबंध में तरयासुजान एसओ आशुतोष सिंह ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद
मारपीट का केस दर्ज
खड्डा। थाना क्षेत्र के सोहरौना निवासी अमरनाथ ने पुलिस को तहरीर देकर कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी है। अमरनाथ ने पुलिस को बताया है कि बृहस्पतिवार को वे सिसवा गोपाल गांव में आयोजित एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। अभी वे सारंग छपरा-सिसवा गोपाल गांव के बीच पहुंचे ही थे कि तीन युवकों ने उन्हें घेर कर उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुटी है। संवाद