मथौली। कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार दोपहर करीब दो बजे पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मथौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। ई-रिक्शा चालक का उपचार सीएचसी में चल रहा है।
कस्बा निवासी विद्या निवास पांडेय ई-रिक्शा चलाते हैं। रविवार दोपहर वह हाटा की तरफ से ई-रिक्शा लेकर जा रहे थे। ई-रिक्शा में मथौली बाजार के सिरसिया निवासी सीमा (30), हरपुर बरवा निवासी अनूप (17) और सिरसिया निवासी सरोज देवी (45) सवार थीं। अभी वे कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा में टकरा गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चारों लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मथौली पुलिस चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी भिजवाया। चिकित्सकों ने सीमा, अनूप और सरोज देवी की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं, ई-रिक्शा चालक विद्या निवास पांडेय का उपचार सीएचसी में चल रहा है।
मथौली चौकी प्रभारी अंकित कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया है।