तमकुहीराज। स्थानीय पुलिस क्षेत्र में तस्करी व अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार व हाईवे के विभिन्न स्थानों व बिहार बार्डर को जोड़ने वाले मार्गों पर हाई क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है।
इन कैमरों में कैद गतिविधियों की निगरानी के लिए थाना परिसर में इंटिग्रेटेड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां एक सिपाही की नियमित ड्यूटी लगाई गई है। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के समउर बाजार, सरया, डिबनी बंजरवा, नैनुपहरू व हाईवे के रास्ते बिहार जाने के मार्ग है। इसके अलावे कई अन्य पगडंडी रास्ते भी बिहार की सीमा को जोड़ते है।
इन रास्तों से पशु, शराब सहित विभिन्न गतिविधियों को शातिर अपराधी अंजाम देते रहते हैं। कुछ मामलों में पुलिस कार्रवाई में सफल हो जाती, जबकि अधिकतर तस्कर अवैध सामानों के साथ बिहार की सीमा में दाखिल होने में सफल हो जाते हैं। तमकुहीराज कस्बे के मुख्य ओवरब्रिज चौराहा, तरया मोड, समउर मोड, समउर बाजार, हाईवे के लतवा बाजार, टड़वा मोड,नैनुपहरू, सरया, चखनी सहित बिहार को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गो पर उच्च गुणवत्ता के 22 कैमरे लगाए गए हैं।