अहिरौली बाजार। हाटा-पिपराइच मार्ग स्थित सोनबरसा गांव के पास शनिवार की रात करीब 11 बजे दो बाइकों की टक्कर हो गई। एक बाइक सवार व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दूसरा युवक अपनी बाइक छोड़कर कर भाग गया। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजन घायल युवक को गोरखपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव सिंहपुर निवासी उदयभान (46) बगीचा खरीदकर आम का व्यापार करते थे। शनिवार को ढांडा स्थित आम के बगीचे की देखरेख कर वे रात करीब 11 बजे लौट रहे थे। सोनबरसा गांव के पास पहुंचे ही थे कि पिपराइच की तरफ से आ रहे बाइक सवार से आमने-सामने की टक्कर हो गई। उदयभान गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां पहुंचे अहिरौली बाजार थाने के एसआई राजनरायन यादव ने उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन गोरखपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसआई ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।