हाटा। तहसील के पैकौली के समीप सवा करोड़ की लागत से रोडवेज बस स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। इससे यात्रियों को जल्द सुविधाएं मिलेंगी। हाईवे किनारे खड़ा होकर सवारी भरने से बस चालकों को स्थायी निजात मिल जाएगा। भवन हैंडओवर होने की प्रक्रिया चल रही है जो जल्द पूरी कर ली जाएगी। हाटा तहसील क्षेत्र में बस स्टैंड नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसके लिए लोग काफी दिनों से मांग कर रहे थे।
क्षेत्रीय विधायक मोहन वर्मा ने इसकी मांग की थी। वर्ष 2022-23 में हाटा में बस स्टेशन को मंजूरी दिया गया था। जमीन विवाद के कारण काफी दिनों तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका, लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप से शासन ने बजट मंजूर के साथ ही कार्यदायी संस्था को नामित कर दिया था।
बस स्टेशन के निर्माण के लिए 1.15 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर दिया गया था और निर्माण के लिए शासन ने यूपी प्रोजेक्ट्स कार्पोरेशन लिमिटेड लखनऊ को कार्यदायी संस्था भी नामित कर दिया था। संस्थान ने इसका निर्माण विभागीय देखरेख में पूरा करा दिया है। भवन हैंडओवर होने के बाद रोडवेज इसका इस्तेमाल करना शुरू कर देगा। हाईवे पर बस खड़ा कर सवारी भरने से हादसे भी होते थे। विधायक मोहन वर्मा ने बताया कि हाटा में यात्रियों के लिए बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बस स्टेशन बनने से कुशीनगर के सटे जनपदों के लिए लोगों को भी आने जाने के लिए सुगमता होगी।