सलेमगढ़। तरयासुजान थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित बहादुरपुर पुलिस चौकी के समीप बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे राजस्थान के जयपुर से बिहार के मधुबनी के चोरहट जा रही यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस ट्रक को ओवरटेक के चक्कर में डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बस सवार 27 यात्री घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। तरयासुजान पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी तमकुहीराज भेजा गया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को डॉक्टरों ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
राजस्थान के जयपुर से यात्रियों को बिहार लेकर जा रही एक डबल डेकर लग्जरी बस ओवरटेक के प्रयास में बृहस्पतिवार को अनियंत्रित हो तरयासुजान थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित बहादुरपुर चौकी के समीप डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की जानकारी के बाद बहादुरपुर पुलिस चौकी के जवान भी मौके पहुंच गए। बस के शीशे तोड़कर कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। लक्जरी बस सवार घायलों की पहचान बिहार के दरभंगा निवासी 55 वर्षीय विजय मिश्रा, मधुबनी जिले के गांव सुमही प्रेम नगर निवासी 45 वर्षीय विजय महतो व उनकी पत्नी 40 वर्षीय बबीता देवी व तीन बेटियां शिवानी (11), अनामिका (9), अंचला कुमारी (7) को एनएचआई भेजा गया।
इसके अलावा घायल मधुबनी जिले के ओरा मंडल (50), किरन कुमारी (19), इसी जिले के बसंतपुर के बेचन राम (45), मुबारकपुर रेनु देवी (35), कमालपुर राम करन, भलुअनी के चंदन (22), समस्तीपुर की तेतरी देवी (50), चनपटिया निवासी विमला कुमारी (18), चनपटिया के विजय (20), मधुबनी बाजार की सौम्या देवी (23), प्रमोद (25), मधुबनी की चिंकी कुमारी (17), दुलारी देवी (45), ललन (35), प्रमोद कुमार (16), रवि कुमार (16), मुकेश (30), रामदयाल (40), राकेश (28), स्वीटी (13), सूरज कुमार (22) का इलाज तमकुहीराज सीएचसी में चल रहा है। गंभीर रूप से घायल विजय (60), बबिता (38) शिवानी (9) आंचल (6) असमिका (7) को प्राथमिक इलाज के बाद कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जबकि मामूली रूप से चोटिल 10 घायलों को घर भेज दिया गया।
दुर्घटना स्थल पर एसडीएम तमकुहीराज आंकाक्षा मिश्रा, एसएचओ तरयासुजान धनवीर सिंह, एसआई आलोक सिंह, शशि कुमार सहित भारी पुलिस बल की मौजूदगी में राहत बचाव कार्य जारी रहा। सड़क पर बस पलटने के कारण करीब तीन घंटे आवागमन बाधित रहा। दूसरे लेन से वाहनों को भेजा गया। क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर तीन घंटे बाद लेन से आवागमन चालू कराया गया।