हेतिमपुर के पास प्राइवेट बस व ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर के बाद मौके पर जुटी भीड़।
- फोटो : KUSHINAGAR
ट्रैक्टर से टकराई बरातियों की बस, एक की मौत
कसया (कुशीनगर)। थानाक्षेत्र के हेतिमपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर सोमवार की सुबह बरातियों से भरी बस ट्रैक्टर से टकरा गई। बस में सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हुई है। इसके अलावा पांच बरातियों को गंभीर चोट आई हैं। सीएचसी कसया के चिकित्सकों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
महराजगंज जिले के निचलौल शहर से एक बरात बिहार के सीतामढ़ी गई थी। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे घर लौटते समय फोरलेन पर हेतिमपुर छोटी गंडक पुल के समीप सामने से विपरीत दिशा आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली पलट गई और बस भी सड़क के किनारे गड्ढे में जा फंसी। बस में सवार एक व्यक्ति की हादसे में मौत हो गई। जबकि बराती 12 वर्षीय तबिस, 25 वर्षीय नियाज, 25 वर्षीय कोनैन, 16 वर्षीय सिराज व 65 वर्षीय अमीन गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोट आई हैं। आसपास के लोगों ने सक्रियता दिखाते हुए घायल बरातियों को बस से बाहर निकाला और गंभीर रूप से घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस से कसया सीएचसी भिजवाया। हादसे के कारण करीब आधे घंटे तक हाईवे के दक्षिणी लेन पर आवागमन बाधित रहा। हेतिमपुर पुलिस चौकी के सिपाहियों ने ट्रॉली व बस किनारे कराकर आवागमन बहाल कराया। बस में सवार बाकी बराती विभिन्न संसाधनों से गंतव्य को रवाना हो गए। एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। बस मालिक को सूचना दी गई है।