पडरौना। प्रदेश सरकार के परिवहन, प्रोटोकॉल एवं ऊर्जा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वतंत्रदेव सिंह ने सोमवार को पडरौना नगर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस का विशेष योगदान रहा। नेताजी ने महात्मा गांधी के विचारों के विपरीत जाकर स्वतंत्रता संग्राम के लिए क्रांतिकारी तरीके की वकालत की। राज्यमंत्री सोमवार को पडरौना शहर के यूएनपीजी कॉलेज परिसर में आयोजित नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती की पूर्व संध्या पर युवा संकल्पोत्सव कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के बाद राज्यमंत्री अचानक रोडवेज बस स्टेशन पहुंचे, जहां पर खराब व्यस्था व गंदगी देखकर एआरएम को फटकार लगाई। वहां उन्होंने बस यात्रियों से भी पूरी जानकारी ली और शाम को बसों का समय बढ़ाने को कहा।
यह बता दें कि ‘अमर उजाला’ ने 21 जनवरी के अंक में रोडवेज बस स्टेशन पर दुर्व्यवस्था की खबर को प्रमुखता से छापा था। कार्यक्रम से लौटते वक्त अचानक परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्रदेव सिंह पडरौना रोडवेज बस स्टेशन पहुंचे। परिसर का निरीक्षण करने के बाद एआरएम व स्टेशन अधीक्षक से जानकारी ली। इस दौरान मौजूद लोगों ने साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व समय से बस न मिलने की समस्यां गिनाई। इस पर मंत्री ने एआरएम सुहैल अहमद से जबाव मांगा। भाजपा नेता प्रदीप पांडेय ने बरसात के समय में स्टेशन परिसर में जल भराव हो जाने की बात कही। इस पर मंत्री ने एआरएम को परिसर ऊंचा कराने, मुख्य गेट पर दरवाजा लगवाने, प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराने, नियमित साफ-सफाई, यात्रियों के बैठने आदि की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
यूएनपीजी कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि एबीवीपी के गोरक्ष प्रांत अध्यक्ष डॉक्टर राजशरण शाही ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष जेपी शाही, सांसद प्रतिनिधि अवधेश प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष लल्लन मिश्र, अखिलेश मिश्र, चेयरमैन विनय जायसवाल, केशवनाथ उपाध्याय, प्रदीप पांडेय आदि मौजूद रहे।