पाकिस्तान के पीएम का पुतला जलाया
- फोटो : अमर उजाला
पकड़ियार बाजार (कुशीनगर)। पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नौ सेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव के परिवारीजनों के साथ दुर्व्यवहार से नाराज भाजपा व हियुवा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कुशीनगर जनपद के पकड़ियार बाजार में प्रदर्शन किया। इन लोगों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला जलाकर नाराजगी व्यक्त की। भाजपा नेता सुनील दुबे उर्फ अटल की अगुवाई में भाजपा व हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता शनिवार को पकड़ियार बाजार में एकत्र हुए। इन लोगों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
इनका कहना था कि पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नौ सेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव से मिलने गईं उनकी मां और अन्य लोगों से बुरा बर्ताव किया गया। इनका कहना था कि भारतीय सीमा में घुसपैठ का मामला हो या आतंकी हमले, पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पाकिस्तान ने जिस तरह का बर्ताव किया, उसका उसी की भाषा में जवाब देना चाहिए। लोगों ने केंद्र सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अखि्तयार करने की मांग की।
इन लोगों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला जलाया। इस दौरान नागेंद्र मोहन, रोहन गुप्ता, रामानंद, रामकिशुन, गुलाब, डीके हीरा, शैलेष, ग्राम प्रधान अनिल सिंह, विजय शर्मा, अवधेश कुशवाहा, कृष्ण मोहन, मनोज, राधेश्याम, शंभू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।