इलाज के दौरान सराफा व्यवसायी कृष्णा वर्मा का निधन
मेंहदीगंज। बहादुरगंज गांव निवासी सराफा दुकानदार कृष्णा वर्मा का शव मंगलवार की देर शाम पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। अब तक बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने गांव के सामने शव रखकर पडरौना-रामकोला मार्ग को जाम कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस व हियुवा नेता ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
रामकोला थाना क्षेत्र के गोबरही चौराहे पर आभूषण की दुकान चलाने वाले पडरौना कोतवाली के बहादुरगंज गांव निवासी कृष्णा वर्मा को बीते बृहस्पतिवार को बदमाशों ने लूट के प्रयास के दौरान गोली मार दी थी। इलाज के दौरान सोमवार को कृष्णा की मौत हो गई थी। मंगलवार की शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। परिजन इस मामले में बदमाशों की गिरफ्तारी व परिवार के आर्थिक मदद की मांग कर रहे थे। जानकारी होने पर एसडीएम पडरौना रामकेश यादव, सीओ फूलचंद कन्नौजिया, कोतवाल पवन कुमार सिंह, बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह समेत कई लोग पहुंचे। अफसरों व नेताओं ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई व मुख्यमंत्री की तरफ से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इसके बाद परिजन शव को दाह संस्कार के लिए ले गए।