रामकोला मंदिर व जमीन जब्त, नायब तहसीलदार बने रिसीवर
रामकोला। धर्मसमधा देवी मंदिर पर अधिकार के लिए चल रही लड़ाई को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर व इसकी जमीन को जब्त कर लिया है। नायब तहसीलदार कप्तानगंज को मंदिर का रिसीवर नियुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा चार सदस्यीय समिति मंदिर की देखरेख करेगी। नायब तहसीलदार मंदिर के आय-व्यय का ब्यौरा रखेंगे और न्यायालय के मांगने पर उसे प्रस्तुत करेंगे।
धर्मसमधा दुर्गा मंदिर जिले में आस्था का प्रमुख केंद्र है। कुछ दिनों से इस मंदिर पर अधिकार को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार एसडीएम व एसओ समेत अन्य प्रमुख लोग यहां हस्तक्षेप कर मामले का हल निकालने का प्रयास कर चुके हैं। एसडीएम कप्तानगंज अरविंद कुमार ने बताया कि इस मामले में रामकोला एसओ व कानूनगो की रिपोर्ट से स्पष्ट था कि मंदिर पर अधिकार को लेकर कभी भी खूनी संघर्ष हो सकता था। इसे देखते हुए मंदिर पर अधिकार के लिए चल रहे मुकदमों का निर्णय होने तक मंदिर व इससे संबंधित जमीन को जब्त करते हुए नायब तहसीलदार कप्तानगंज को रिसीवर नियुक्त कर दिया गया है। मंदिर की व्यवस्था की देखरेख के लिए नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है जिसमें एसओ रामकोला के अलावा तीन स्थानीय लोग आशुतोष गोविंद राव, अजय गोविंद राव व राहुल गोविंद राव को सदस्य नामित किया गया है। वहीं लालमणि तिवारी दुर्गा मंदिर और त्रिजुगी नारायण मिश्रा भगवान शंकर के मंदिर में पुजारी का कार्य देखेंगे।