पडरौना। बिजली निगम ने नया फीडर भवन बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पुराना भवन हो जर्जर गया है। जगह के अभाव में तीन नए फीडर नहीं लग पा रहे हैं, जबकि तीनों फीडर लाकर रख दिए गए हैं। प्रस्ताव की मंजूरी मिलने पर 72 लाख से नया फीडर भवन बनेगा।
विद्युत वितरण उपकेंद्र पडरौना का पुराना फीडर जहां जर्जर हो चुका है, वहीं जरूरत के मुताबिक जगह कम है। यहां दो इनकमिंग और आठ आउटगोइंग फीडर लगे हैं। इनमें इनकमिंग-एक व इनकमिंग-दो, पडरौना टाउन-एक, पडरौना टाउन-दो, जिला उद्योग, कैंपस, पांडेय देवरिया, परसौनी कला, दुदही, सरया फीडर शामिल हैं। इन फीडरों से पडरौना शहर के साथ ही करीब 250 गांवों को बिजली की सप्लाई होती है।
यहां पर लगे फीडर पांच साल पुराने हैं जो लोड पड़ते ही बंद हो जाते हैं। इनमें से तीन जर्जर फीडरों को बदलने के लिए तीन नए फीडर आ गए हैं, लेकिन जगह के अभाव में लग नहीं पा रहे हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए बिजली निगम ने नया फीडर भवन बनाने के लिए बिजनेस प्लान विस्तारित योजना में प्रस्ताव भेजा है। फीडर का नया कंट्रोल रूम बनाने में 72 लाख रुपये की लागत आएगी।