पडरौना। जनपद में सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली और सुबह कोहरे के साथ बादल छा गए। पूरे दिन धूप नहीं निकलने से गलन बढ़ गई। सुबह के समय ठंड बढ़ने से लोग काफी देर तक रजाई में दुबके रहे। जब रजाई से बाहर निकले तो अलाव का सहारा लिया। सुबह घना कोहरा और बादल छाए रहे। रविवार की तुलना में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
विगत दो दिनों तक निकली धूप होने के कारण अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, लेकिन रविवार से ही मौसम तेजी से बदलाव के चलते तापमान में गिरावट होने लगी है। रविवार को जिले में मौसम का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। सोमवार की सुबह कोहरा और आसमान में बादल छाने के कारण दिन में सूरज के दर्शन नहीं हुए। इसकी वजह से रविवार के मुकाबले सोमवार को मौसम के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई और यह 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बदली के साथ चल रही तेज पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ गई। दिन ढलने के बाद गलन और बढ़ गई।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम विज्ञानी श्रुति वी सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। इसकी वजह से जिले में गलन भरी ठंड पड़ रही है।