मृतक छात्र आलोक कुमार चौरसिया। का फाईल फोटो ।
- फोटो : KUSHINAGAR
नदी में डूबने से बीटेक छात्र की मौत
कसया(कुशीनगर)। कुशीनगर के हिरण्यवती नदी के बुद्धा घाट पर डूबने से बीटेक छात्र के मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ नहाने गया था। गहरे पानी में जाने से डूब गया। काफी प्रयास के बाद स्थानीय लोगों ने उसे नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर के वार्ड-26 शहीद अमिय नगर निवासी विजय शंकर चौरसिया का 22 वर्षीय बेटा आलोक कुमार चौरसिया बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र था। परिजनों का कहना है कि वह वार्ड के ही कुछ दोस्तों के साथ बुधवार की दोपहर बाद नदी में नहाने गया था। आलोक नदी में गहराई की तरफ चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन काफी देर तक उसका पता नहीं चला। सूचना पाकर नदी पर चौकी इंचार्ज कुशीनगर मय फोर्स पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घंटों बाद डूबे छात्र को तलाश कर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो गई थी। जानकारी होते ही मृतक के परिजन भी नदी पर पहुंच गए। उनका रो-रो कर बुरा हाल था। पिता और मां की दहाड़े सुनकर मौजूद लोगों की आंखों से आंसू निकल रहे थे। एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।