एक करोड़ रुपये से नाले पर बना पुल, चार माह में ही पड़ी दरार
परसौनी गांव के लाठौर टोला में सोनरा नाले पर बनाया गया है पुल
अब तक एप्रोच भी नहीं बन सका है
जौरा बाजार(कुशीनगर)। फाजिलनगर क्षेत्र के ग्राम परसौनी के टोला लाठौर में सोनरा नाले पर एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने पुल में चार माह में ही दरारें पड़ गईं। इसका एप्रोच भी अधूरा है।
सोनरा नाले पर पुल का निर्माण कार्य पूर्ण हुए करीब चार महीने हो गया है। पुल के ऊपर की गिट्टी की एक परत उखड़ गई है और बीच में दरार भी दिखाई दे रही है। लघु सेतु की कुल लागत एक करोड़, 13 लाख, सत्तर हजार रुपये है। इसका शिलान्यास दिसंबर 2020 में तत्कालीन विधायक गंगा सिंह कुशवाहा ने किया था। कुछ लोगों के खेत नाले के दोनों तरफ हैं। पुल के अभाव में लोगों को दस से 15 किमी की अधिक दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन लोगों की यह खुशी पुल निर्माण के साथ ही गायब हो गई।
निर्माण में जब मानक के विपरित काम कराया जाने लगा तो लोगों ने विरोध शुरू कर दिया था। विरोध के बाद अपने कार्यों में बदलाव की जगह ठेकेदार ने काम बंद कर दिया। नतीजा यह हुआ कि दिसंबर 2020 में शुरू किया गया काम फरवरी 2022 में समाप्त हुआ।
...
पुल निर्माण के लिए एक ट्रक सीमेंट आया था, जो एकदम खराब था। गांव के लोगों के सहयोग से वापस करा दिया था। जब तक पुल का काम चलता रहा, किसी न किसी से विवाद होता रहता था।
राजेंद्र कुशवाहा, पूर्व प्रधान
...
एक साल काम हुआ है। एप्रोच तक नहीं बना है। इसके पाए की अब तक चुनाई नहीं हुई है। न ही पेंटिंग का काम हुआ है। लगता है ठेकेदार इस साल भी हम लोगों की खेती नहीं होने देगा।
सुरेंद्र राव, ग्राम प्रधान
...
निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया है। ऊपरी परत की गिट्टी उखड़नी शुरू हो गई हैं। चार महीने के अंदर ही पुल में दरार का आना यही साबित करता है कि निर्माण में लापरवाही बरती गई है।
सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, भाजपा नेता
...
पुल के बनने में देरी के कारण पिछले साल से स्कूल बस नहीं जा रही है। पुल की स्थिति देखकर यही लगता है कि इस साल भी बच्चे स्कूल नहीं आ पाएंगे।
- रविंद्र सिंह, निजी विद्यालय संचालक
...
कोट
मैं खुद इसकी जांच करूंगा। इस समय विभाग में रकम नहीं है, जिससे भुगतान रुका हुआ है। इस वजह से परेशानी आ रही है।
- एके श्रीवास्तव, सहायक अभियंता