तमकुहीराज। स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 (शास्त्री नगर) में नाली निर्माण के लिए खुदाई कर रही जेसीबी की चपेट में आने से एक घर का गेट और बाउंड्रीवॉल गिर गया। वहीं चार घरों की दीवारें दरक गईं। इसके बाद मौजूद लोगों ने विरोध जताया।
नगर पंचायत तमकुहीराज के वार्ड नंबर 13 में जल निकासी करने के लिए कस्बे के भटवलिया स्थित आरा मशीन के समीप ओमप्रकाश के घर तक नाली का निर्माण कार्य हो रहा है। रविवार देर शाम करीब सात बजे जेसीबी से खुदाई के दौरान नवल किशोर गुप्ता के घर का गेट और बाउंड्रीवॉल ढह गया। इसके अलावे पन्नालाल गुप्ता, हारून मियां, बिस्मिल्लाह मियां, उमेश गुप्ता के घर की दीवार में क्रेक आ गया। इसके बाद लोगों ने विरोध किया तो कार्य रुक गया। पीड़ित लोगों ने वार्ड सभासद व जेसीबी चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संवाद