पडरौना। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के बड़गांव टोला धर्मनगरछपरा निवासी 40 वर्षीय युवक का शव मंगलवार को राजस्थान के जोधपुर से उसके पैतृक गांव लाया गया। दरवाजे पर शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
धर्मनगर छपरा निवासी जयराम उर्फ जालंधर चौहान करीब तीन महीने पहले आजीविका की तलाश में जोधपुर गया था। बीते रविवार की रात वे भोजन करने के बाद कमरे सो गए। कुछ समय बाद ठेकेदार ने देखा कि उनके मुंह से खून निकल रहा था और शरीर अकड़ गया था। सूचना पर आई राजस्थान पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे उनका शव गांव लाया गया तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी अंजिला देवी रोते-रोते अचेत हो जा रही हैं। बेटा आदित्य और एक बेटी शिखा रोते-रोते मां से लिपट जा रहे हैं। उनके मौत के बाद परिवार में भरण पोषण का संकट गहरा गया है।