अब बोर्ड तय करेगा परीक्षा केंद्र का कक्ष निरीक्षक
बोर्ड के पोर्टल पर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों का डाटा हो रहा अपलोड
सुधीर कुमार मिश्र
पडरौना। यूपी बोर्ड परीक्षा की पारदर्शिता के लिए बोर्ड की तरफ से इस वर्ष एक नई पहल की गई है। परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों की निगरानी के लिए कक्ष निरीक्षकों की तैनाती अब यूपी बोर्ड की तरफ से की जाएगी। इसके लिए बोर्ड के पोर्टल पर जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारियों का डाटा अपलोड हो रहा है। अब तक जिले के करीब 150 स्कूलों के शिक्षक व शिक्षणेतर का डाटा अपलोड कर दिया गया है।
जिले में 19 राजकीय, 55 वित्तपोषित और 253 समेत कुल 327 माध्यमिक विद्यालय संचालित होते हैं। इसमें वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 61808 और इंटर 44755 समेत कुल 106563 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इन परीक्षार्थियों की परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए बोर्ड की तरफ से इस बार जिले के कुल 327 माध्यमिक विद्यालयों में से 172 माध्यमिक विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बोर्ड परीक्षा को इस बार और परदर्शी कराने के लिए परीक्षार्थियों की निगरानी के लिए तैनात होने वाले कक्षा निरीक्षक अब बोर्ड की तरफ से किया जाएगा। इसके पहले कक्ष निरीक्षकों की तैनाती स्थानीय स्तर पर की जाती रही है। इसके लिए जिले के राजकीय, वित्तपोषित और वित्तविहीन विद्यालयों में तैनात शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारियों का डाटा बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। अब तक करीब 150 विद्यालयों के शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारियों का डाटा अपलोड भी किया जा चुका है। शेष बचे विद्यालयों के कर्मचारियों का डाटा बोर्ड के पोर्टल पर तेजी से अपलोड किया जा रहा है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से बोर्ड परीक्षा को प्रतिदिन पारदर्शी किया जा रहा है। परीक्षा की सभी व्यवस्थाएं ऑनलाइन होने के साथ परीक्षा की वेबकास्टिंग पहले से ही की जा रही है। अब इस वर्ष होने वाले बोर्ड परीक्षा में तैनात शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारियों की तैनाती बोर्ड की तरफ से की जानी है। इसके लिए विद्यालयों में तैनात शिक्षक और अन्य कर्मचारियों का डाटा बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। अब तक करीब 150 विद्यालय अपने कर्मचारियों का डाटा अपलोड भी कर चुके हैं। शेष विद्यालय भी इस कार्य को तेजी पूरा करने में जुटे हैं।
मनमोहन शर्मा, डीआईओएस