पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नौ सेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव से मिलने गए उनके परिवारीजनों से सम्मानजनक व्यवहार न किए जाने से नाराज भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को रामकोला तिराहे पर जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर अपना गुस्सा जाहिर किया।
ये कार्यकर्ता कुलभूषण जाधव की रिहाई की भी मांग कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अपने हाथों में पाकिस्तान विरोधी बैनर और वहां के प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला लेकर पूरे कस्बे में भ्रमण किए। उसके बाद रामकोला तिराहे पर एकत्र होकर पाकिस्तान के विरोध में नारेबाजी की। इनका कहना था कि भारतीय पूर्व सैनिक अधिकारी के परिवारवालों के साथ बदसलूकी देश का अपमान है। इनका कहना था कि जाधव को पाकिस्तान की जेल से रिहा किया जाए। उसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला जलाया। इस दौरान युवा मोर्चा के प्रदीप वर्मा, चंद्रादित्य गोविंद राव, गौतम उर्फ पिंटू राव, राजन गोविंद राव, अभय आर्य, आदित्य मिश्रा, गौरव गोविंद राव, सत्या राव, अमरजीत गोविंद राव, भरत गोविंद राव, सत्यवीर गोविंद राव, दिनेश गौड़, गिरधारी मोदनवाल, कुंदन गोविंद राव, विवेक, विजय, सुनील दीक्षित, प्रसन्नजीत राव, अभिषेक गुप्ता आदि उपस्थित रहे।