पडरौना। कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार सुबह सांप के काटने से गंभीर हालत में लाए गए सेवानिवृत्त शिक्षक और भाजपा नेता दिनेश चौधरी (67) की मौत हो गई।
परिजन ने इमरजेंसी में करीब 40 मिनट तक इलाज शुरू नहीं होने का आरोप लगाकर हंगामा किया। कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय डॉक्टरों का पैनल गठित किया है।
भाजपा किसान प्रकोष्ठ के टेकुआटार मंडल मंत्री दिनेश चौधरी शुक्रवार की सुबह पेशाब करने के लिए अपने घर से बाहर गए थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। उनके बेटे अजीत चौधरी ने निजी वाहन से पिता दिनेश चौधरी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
अजीत चौधरी ने बताया कि हम सुबह करीब 6:10 बजे इमरजेंसी वार्ड में पहुंच गए थे लेकिन 40 मिनट तक इलाज शुरू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरजेंसी में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही के चलते पापा को सही इलाज नहीं मिल पाया और उनकी मौत हो गई।
दिनेश चौधरी की मौत होने के बाद उनके परिजन का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
वर्जन
जांच में यदि स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही उजागर होती है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। परिजनों का आरोप है कि इलाज में देरी की गई है। सीसी टीवी कैमरे की फुटेज की मदद जांच में ली जाएगी। हंगामा होने से कुछ देर के लिए इमरजेंसी में इलाज प्रभावित रही।
-डॉ. केपी गोड़, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज कुशीनगर