फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिन मौसम बरसात ने बढ़ाई चिंता

Sat, 07 Apr 2018 11:51 PM IST
कुश्ाीनगर (ब्यूरो)
विज्ञापन
पानी। - फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
विज्ञापन
  पडरौना। शनिवार को सुबह पूरे जिले में बारिश हुई। हाटा व कसया क्षेत्र में तेज बरसात के चलते खेतों में पानी जमा हो गया। इससे गेहूं की फसल की कटाई तो प्रभावित हुई ही है, कई जगह फसलों के बर्बाद होने का खतरा बढ़ गया है। पडरौना समेत कई जगह हल्की बरसात हुई। दिन भर मौसम का मिजाज बनता-बिगड़ता रहा। इसकी वजह से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस बरसात की वजह से जिले में गेहूं की कटाई कम से कम एक सप्ताह तक प्रभावित रहेगी। वहीं हल्की बरसात से ही कई जगहों पर पानी लग गया, जिससे बच्चों के साथ ही शहर वासियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन


शनिवार को सुबह से ही आकाश में बादल छाए थे। सुबह करीब आठ बजे हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ देर बाद ही गरज-चमक के साथ बारिश तेज हो गई। सुकरौली, हाटा, कसया, फाजिलनगर, तमकुहीराज, सेवरही, कुबेरस्थान आदि क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव हो गया। इस बरसात ने गेहूं के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिनकी फसल काटकर मड़ाई के लिए रखी थी, उन्हें अब मौसम साफ होने तथा खिली धूप का इंतजार है। क्योंकि कटी फसल भीगने की वजह से जल्दी खराब हो जाएगी। जिनके खेतों की फसल अभी कटी नहीं है उन्हें भी नमी के चलते एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ेगा।  

तुर्कपट्टी प्रतिनिधि के अनुसार सुबह अचानक शुरू हुई तेज बरसात के चलते किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गेहूं की फसल पक चुकी है। इक्का-दुक्का किसानों ने कटाई व मड़ाई भी शुरू कतर दी है बाकी किसान भी कंबाइन मशीन का इंतजार कर रहे थे। कुछ लोगों ने खुद ही कटाई शुरू भी कर दी थी। परंतु इस बारिश के चलते फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। 
विज्ञापन



 शनिवार की सुबह हुई बरसात के चलते हाटा नगर पालिका के हनुमान नगर वार्ड स्थित प्राथमिक विद्यालय पैकौली में पानी भर गया। बारिश बंद होने के बाद अध्यापक और बच्चे स्कूल पहुंचे तो परिसार और कमरों में पानी भरा होने के करण पढ़ाई होने की स्थिति नहीं थी। इसके अलावा हाटा कस्बे के पिपराइच चौराहे पर भी बरसात का पानी लगने के कारण दुकानदारों और राहगीरों को दिक्कत उठानी पड़ी। प्रधानाध्यापिका शशिकला ने बताया कि सड़क से स्कूल का परिसर नीचे है। इसके कारण सड़क का पानी बहकर स्कूल परिसर में ही जमा हो रहा है। वार्ड सदस्य मुकेश यादव ने बताया कि जल निकासी की व्यवस्था कराई जा रही है। 


जिला उद्यान अधिकारी राजेंद्र कुमार यादव का कहना है कि इस बारिश से सब्जियों और फलों की खेती करने वाले किसान फायदे में रहेंगे। क्योंकि इस बरसात से सब्जियों व फलों में लगने वाली कई प्रकार की व्याधियों से निजात मिलेगी। लेकिन मौसम अगर फिर बिगड़ा तो इसका असर जरूर पड़ेगा। 


जिला कृषि अधिकारी प्यारेलाल का कहना है कि मौसम की मार से किसानों की चिंता लाजमी है लेकिन उन्हें हड़बड़ी करने की जरूरत नहीं है। गेहूं की जो फसल अभी कटी नहीं है उसे कुछ दिन सूखने का अवसर दें। जिनके खेत में फसल कट गई लेकिन मड़ाई बाकी है वे किसान फसल को सूखाने पर विशेष ध्यान दें। अगर खेत में पानी भर गया तो उसे निकालने का प्रयास करें। 


 थाना क्षेत्र के गांव अमवां खास के टोला पिपरही में शनिवार की सुबह हुई बरसात के दौरान वृद्ध महिला पर बिजली गिर गई। भोजन बना रही महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर तहसीलदार तमकुहीराज गांव पहुंचे। राजस्व टीम से रिपोर्ट तैयार कराकर हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। पिपरही टोला निवासी हरिहर शर्मा की पत्नी दुलारी देवी (55) शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने घर में खाना बना रही थी। परिवार के अन्य सदस्य गांव में हो रहे यज्ञ में हिस्सा लेने गए हुए थे। सुबह तेज बारिश होने के साथ अचानक बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दुलारी देवी की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिवार के लोगों को दी। वज्रपात से मौत की सूचना पर तहसीलदार रामप्यारे भी गांव पहुंचे। परिजनों को ढांढ़स बंधाते हुए हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। इस संबंध में तहसीलदार रामप्यारे ने बताया कि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई चल रही है।
विज्ञापन



 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें