छितौनी। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बेलवनिया बांध के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार बाल विकास परियोजना के सुपरवाइजर गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के जरार निवासी शिवपूजन प्रसाद (50) बाल विकास परियोजना निचलौल ब्लॉक में सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे। बुधवार सुबह वह बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि बेलवनिया बांध के समीप तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी तुर्कहा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बुधवार दोपहर उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष दिग्विजय नारायण राय ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।