कार की चपेट से बाइक सवार युवती की मौत
किसी जरूरी काम से कुशीनगर आई थीं छहूं की रानी मिश्रा
फोरलेन पर कार ने पीछे से बाइक में मार दी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के छहूं गांव की एक युवती की फोरलेन पर कुशीनगर सेंट्रल बैंक के सामने कार की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार सवार हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर भाग निकले।
सोमवार की दोपहर दो बजे तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव छहूं की रहने वाली रानी मिश्रा (23) पुत्री भारती मिश्र कुशीनगर आई थीं। काम निबटाने के बाद एक परिचित के साथ बाइक से कसया की ओर से वापस आ रही थीं। इसी बीच फोरलेन स्थित सेंट्रल बैंक के सामने पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर में मार दी। इस हादसे में रानी के सिर में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने रानी को सीएचसी कसया भेजवाया। जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ संजय कुमार ने बताया कि हादसे में मृत युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर अन्य कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
मथौली बाजार। हाटा कोतवाली क्षेत्र के हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर बकराबाद गांव के सामने रविवार की देर शाम गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव रानीकाफ निवासी रणजीत सिंह (25) हाटा की तरफ से अपनी बाइक से घर वापस जा रहे थे। बकराबाद गांव के सामने हाटा की ओर जा रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार रणजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर कोतवाल जेपी पाठक पहुंचे और घायल युवक को सीएचसी हाटा भेजा। चिकित्सकों ने रणजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने टैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
मौत की खबर सुनकर चीख पत्नी पूजा
मथौली बाजार। रानीकाफ निवासी रणजीत सिंह रविवार की सुबह अपनी ससुराल जैसौली गए थे। वहां से साली की शादी तय करने बरहज गए हुए थे। शाम को रणजीत ससुराल से वापस अपने गांव जा रहे थे। हादसे में पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी पूजा चीख पड़ी। चार भाइयों में सबसे छोटे रणजीत की शादी दो वर्ष पहले ही हाटा कोतवाली के जैसौली गांव में पूजा सिंह से हुई थी। रणजीत विदेश रहते थे। कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। पत्नी पूजा अपने एक वर्ष के बेटे आदित्य को गोद में लिए बिलख रही थी।