अहिरौली बाजार। कप्तानगंज पिपराइच मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे पिकअप ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक चालक पिकअप में फंस गया अौर करीब 100 मीटर तक घिसटता रहा, जिससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक ने खुद 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस पिकअप चालक को थाने भेजवाया। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव अवरही कृतपुरा मल्ल टोला निवासी रामदुलारे सिंह (45) बृहस्पतिवार को घर से बाइक से कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव बरवा कोटवा धुस टोला निवासी मिथिलेश उर्फ अखिलेश प्रसाद (22) को लेकर गोरखपुर मजदूरी करने जा रहे थे।
तभी कप्तानगंज पिपराइच मुख्य मार्ग पर अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव महुअवा खुर्द के सामने मेन सड़क पर जैसे बाइक लेकर चढ़े तभी पिपराइच की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही सब्जी लदी पिकअप बाइक सवार को रौंदते हुए सड़क के किनारे गड्ढे में लेकर चली गई, जिसमें बाइक चालक बाइक सहित फंसा रह गया। पीछे बैठा युवक सड़क के किनारे गिरकर चोटिल हो गया।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल को निजी साधन से जगदीशपुर बरडीहा चौराहे पर निजी अस्पताल में भेज दिया। लोगों ने पिकअप के नीचे फंसे बाइक चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन तब तक युवक की मौत हो गई थी। बाइक चालक हेलमेट लगा रखा था। संवाद