संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। थाना क्षेत्र के पटहेरिया चौराहे पर बृहस्पतिवार को पडरौना की तरफ से समउर की ओर जा रहे डीसीएम ने तमकुही से कसया जा रहे बाइक सवार को सड़क पार करते समय ठोकर मार दिया। इससे बाइक सवार घायल हो गया और बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया। वहीं दुर्घटना के बाद डीसीएम सहित भाग रहे चालक की करीब छह किमी आगे समउर के पास रोक लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के गांव शिवराजपुर चौपतिया निवासी रितेश गोंड़ (30) बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे बाइक से फोरलेन के रास्ते कसया जा रहा था। जैसे ही वह फोरलेन के पटहेरिया क्रॉसिंग पर पहुंचा कि पडरौना की तरफ से आ रहे एक डीसीएम ने सड़क पार करते समय बाइक सवार को ठोकर मार दिया। डीसीएम की ठोकर से बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया तथा उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां मौजूद लोगों की मदद से घायल को अस्पताल भेजवाया। बताया जाता जाता है घटना के बाद चालक डीसीएम सहित समउर मार्ग पर भाग निकला। बताया जाता है चालक महेंद्र कुमार (30) पुत्र शिवप्रताप निवासी उरे बेलदार सरियावा अयोध्या लोगों की मारपीट से गंभीर रूप से घायल हो गया। पटहेरवा एसओ विनय कुमार मिश्र ने बताया कि बाइक सवार व चालक दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया गया है। डीसीएम व बाइक पुलिस के कब्जे में है।
कार सवार युवकों ने ओवरटेक कर रोका डीसीएम
गंगुआ बाजार। पटहेरिया चौराहे पर हुई दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक डीसीएम समेत फरार हो गया। समउर बाजार स्थित बड़ौदा यूपी बैंक के सामने एक डीसीएम चालक को कार सवार तीन-चार युवकों ने ओवरटेक कर रोक लिया। कार सवार लोग डीसीएम चालक को नीचे खींचकर पीटने लगे। मारपीट होता देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पिटाई से चालक मौके पर बेहोश हो गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो चौकी इंचार्ज समउर सर्वेश कुमार राय मौके पर मयफोर्स पहुंचे। डीसीएम चालक को गंभीर हालत में सीएचसी फाजिलनगर भेजवाया गया। वहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर धूस रेफर कर दिया गया। चौकी इंचार्ज समउर सर्वेश कुमार राय ने बताया कि मारपीट की सूचना पर मौके पर स्वयं गया था। घायल चालक की पहचान फैजाबाद जिले के महेन्द्र प्रताप के रूप में हुई है। संवाद