नेबुआ नौरंगिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के खड्डा-पडरौना मार्ग पर शनिवार की रात मिल से गन्ना गिराकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना शनिवार की देर रात को हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राली में बाइक पीछे से टकराई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
नौरंगिया थाना क्षेत्र के खैरी गांव निवासी 28 वर्षीय विष्णु सैनी बाइक से शनिवार की रात घर लौट रहे थे, अभी वह नौरंगिया शिव मंदिर के सामने पहुंचे थे कि चीनी मिल से गन्ना गिराकर रात को करीब नौ बजे लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक टकरा गई। ट्राला में रिफ्लेक्टर नहीं होने के कारण बाइक सवार को अंदाज नहीं मिला। हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार को सीएचसी पर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।