मजदूरी के लिए बाइक रखने पर पहुंचा हवालात
फाजिलनगर। मरम्मत की मजदूरी के बदले बाइक रोकना मैकेनिक को महंगा पड़ गया। पटहेरवा पुलिस ने उसे बाइक चोर बताकर हवालात में डाल दिया। अगले दिन कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने बिना मुकदमा दर्ज किए उसे छोड़ दिया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के कोइलसवा गांव के लोहलगड़ी टोला निवासी संदीप चौरसिया जीविकोपार्जन के लिए बनकटा चौराहे पर बाइक मैकेनिक का काम करते हैं। देवरिया निवासी उनके गांव का एक रिश्तेदार कई माह पहले बाइक की मरम्मत कराई। मजदूरी बाद में देने की बात कहकर चला गया। संदीप के मुताबिक, एक सप्ताह पूर्व वह व्यक्ति मिला तो उसकी बाइक अपने पास रख ली और इसकी सूचना बनकटा पुलिस चौकी को दे दी। उसके बाद भी पुलिस ने गाड़ी चोरी की बताकर बुधवार को बाइक सहित उसे थाने लेकर चली आई। लोगों के हस्तक्षेप पर 24 घंटे बाद उसे छोड़ा गया। एसओ मृत्युंजय सिंह का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में है। मैकेनिक को छोड़ दिया गया है। जिसकी बाइक है, उससे पूछताछ जारी है।