सलेमगढ़। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गांव बसडीला गुनाकर के पास रविवार को तरयासुजान-सलेमगढ़ मार्ग पर एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर बने पुलिया की रेलिंग से टकरा गया। घटना के बाद पुलिया की रेलिंग टूटकर गिर गई, जिसके नीचे दबने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौजूद लोग उसे तमकुहीराज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के झड़वा निवासी हरेंद्र शर्मा (60) अपने भतीजे दुर्गेश शर्मा (28) को इलाज कराने के लिए बाइक से बिहार के गोपालगंज गए थे। इलाज के बाद वे दोनों घर लौट रहे थे। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला गुनाकर गांव के पास वहुंचे थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित हो नहर की पुलिया की रेलिंग से टकरा गई। इससे रेलिंग टूट गिर गई। रेलिंग के नीचे बाइक चालक हरेंद्र शर्मा और दुर्गेश दोनों दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोग उन्हें किसी तरह बाहर निकालकर तमकुहीराज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने हरेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश का इलाज सीएचसी में चल रहा है। उधर सूचना पर आए तमकुहीराज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।