बिजली कटौती से नाराज उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन
पिपरा बाजार(कुशीनगर)। विद्युत कटौती से नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार को चंडी चौराहा पर प्रदर्शन किया। जल्द विद्युत व्यवस्था में सुधार न होने पर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
पटेरा खुर्द, पटेरा बुजुर्ग, दुबौली, सरपतही, मुसहर टोली के उपभोक्ता चंडी चौराहे पर एकत्र हुए और विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। महंथ, हीरालाल, समसुद्दीन, जितेंद्र, राजू आदि का कहना था कि सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में 17:30 घंटे विद्युत आपूर्ति करने का फरमान जारी है। रामपुर कोटवा विद्युत उपकेंद्र से 150 गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। इन गांवों में पिछले दो सप्ताह से भीषण विद्युत कटौती की जा रही है। दिन व रात मिलाकर सात से आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों से शिकायत करने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से विद्युत व्यवस्था को ठीक कराने की मांग की है।
20 के कनेक्शन काटे, 70 हजार बकाया वसूला
तमकुहीरोड(कुशीनगर)। सेवरही नगर पंचायत में लाइन लॉस रोकने, विद्युत राजस्व बढ़ाने के साथ कटिया कनेक्शनों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने को लेकर सेवरही कस्बा में लगातार दूसरे दिन अभियान चलाया गया। बुधवार को 20 उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा गया। 70 हजार विद्युत बकाया भी वसूला गया।
एक्सईएन सुजीत कुमार गुप्ता, एसडीओ धर्मेंद्र कुमार मल्ल, जेई विकास कुमार साहनी, टीजीटू आनंद कुमार राही व हरेंद्र प्रसाद की अगुवाई में सेवरही कस्बा में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। करीब 60 कनेक्शनों की जांच की गई। बड़े बकाएदारों से 70 हजार रुपये विद्युत बिल वसूला गया तथा 20 लोगों का कनेक्शन काटा गया।