भूसा बनाने वाले ट्रैक्टर की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
फुरसतपुर गांव में हुआ हादसा, चालक भाग निकला
तुर्कपट्टी(कुशीनगर)। फुरसतपुर गांव में भूसा बनाने वाले ट्रैक्टर की चपेट में आने से बुजुर्ग मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद चालक भाग निकला। पुलिस ने मशीन सहित ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
सोमवार रात करीब नौ बजे गांव के एक खेत में भूसा बनाने के बाद मशीन और ट्रैक्टर लेकर चालक आ रहा था। गांव के हसमत के दरवाजे के सामने ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। इससे दरवाजे के बाहर बैठे समसुल हक (60) और राजकिशोर यादव (50) ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। ट्रैक्टर घसीटते हुए दोनों कको कुछ दूर तक ले गया। हादसे में समसुल की मौके पर मौत हो गई। राजकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
तुर्कपट्टी थाने के एसओ जयप्रकाश पाठक ने बताया कि ट्रैक्टर और मशीन पुलिस के कब्जे में है। इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार से चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
खड्डा(कुशीनगर)। थानाक्षेत्र के ग्रामसभा शिवदत्त छपरा में नहर के पास सोमवार देर रात चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
ग्राम सभा महेसरा निवासी 24 वर्षीय प्रद्युम्न सिंह खड्डा से बाइक से घर जा रहे थे। शिवदत्त छपरा में नहर के पास सामने से आ रहे कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। रात का समय होने के चलते मौका पाकर चालक कार लेकर भाग गया। पुलिस ने घायल युवक को तुर्कहां सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रद्युम्न की मौत की जानकारी होते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। संवाद