पनियहवा पुल पर हुई दुर्घटना के बाद पहुंची खड्डा पुलिस।
- फोटो : KUSHINAGAR
बाइक की सीधी टक्कर में किशोर की मौत, दो गंभीर
सड़क पर गिरते ही गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली के नीचे आ गया महदेवा का मुन्ना
अमर उजाला ब्यूरो
खड्डा। थाना क्षेत्र के छितौनी-बगहा रेल पुल पर रविवार की शाम दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में गिरे एक बाइकसवार युवक की गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली से दबकर दर्दनाक मौत हो गई। दूसरा बाइकसवार व बाइक पर बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुर्कहां सीएचसी में भर्ती कराया गया है। खड्डा पुलिस ने शव और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के ग्रामसभा महदेवा निवासी मुन्ना निषाद पुत्र दिनेश (16) रविवार की शाम लगभग 6 बजे बिना हेलमेट पहने बाइक से पनियहवा से गांव लौट रहा था। पीछे गांव का ही उपेंद्र पुत्र रमाकांत (20) बैठा था। छितौनी-पनियहवा रेल सह सड़क पुल पर सामने से आ रही बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। सड़क पर मुन्ना के गिरते ही सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली से दब जाने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उपेंद्र घायल हो गया। दूसरा बाइकसवार सुग्रीव बीन निवासी श्रीपतनगर भी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सालिकपुर चौकी प्रभारी पीके सिंह व सिपाहियों ने घायलों को तुर्कहां सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुन्ना अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। चौकी प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। दोनों घायलों को सीएचसी लाया गया है। ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे ले लिया गया है।
ट्रक की चपेट से पिकअप पलटा, तीन घायल
हाटा। रविवार दोपहर हाईवे पर छपरा भगत गांव के पास ट्रक की चपेट से फल लदा पिकअप पलट गया। पैदल जा रहे छपरा भगत निवासी उपेंद्र यादव (25) उसकी चपेट में आ गए। वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पिकअप में सवार महिला राबड़ी देवी निवासी मीना बाजार बेतिया बिहार भी घायल हो गईं। इसके अलावा पिकअप चालक को मामूली चोट आई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उपेंद्र यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रक व पिकअप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।