थाना क्षेत्र के निवासी एक शिक्षक के दरवाजे पर बृहस्पतिवार को वाराणसी से उसकी प्रेमिका बैंडबाजा के साथ पहुंच गई। दुल्हन के लिबास में पहुंची युवती ने शिक्षक पर नौकरी पाने के बाद दूसरे से शादी के प्रयास और उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। हंगामा की जानकारी होने पर कसया पुलिस भी मौके पर पहुंची।
कसया थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक वाराणसी के एक इंटर कॉलेज में शिक्षक है। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद करीब दो बजे मऊ जिले की रहने वाली युवती टैंपो से इनके दरवाजे पर पहुंची। दुल्हन का लिबास पहनकर पहुंची युवती के साथ बैंडबाजा वाले भी थे। टैंपो से उतरते ही बैंड बजने लगा। आवाज सुनकर गांव के तमाम लोग दरवाजे पर एकत्रित हो गए। इसके बाद युवती ने बताया कि वह बीएचयू में शोध छात्रा है और शिक्षक ने उससे कोर्ट मैरिज किया है। परंतु अब साथ रखने को तैयार नहीं हैं। युवती का आरोप है कि शिक्षक उसे जान से मारने की धमकी दे चुके हैं और दूसरी शादी करने जा रहे हैं। हंगामा की खबर पाकर एसओ विनय कुमार पाठक भी मौके पर पहुंचे और मामले को सुलझाने का प्रयास किया। हलांकि शिक्षक के घर वाले युवती के आरोपों से इंकार कर रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि युवती पहले भी यहां आ चुकी है। कहा जा रहा है कि इस युवती ने 11 अप्रैल 2016 को शिक्षक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। शाम तक युवती दरवाजे पर ही जमी थी।