लक्ष्मीगंज। रामकोला थाना क्षेत्र के तरकुलवा गांव के डीह टोला निवासी 36 वर्षीय एक शख्स की शनिवार की शाम बिहार के छपरा जिले में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। देर रात शव घर लाया गया। रविवार की सुबह रामकोला थाने की पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तरकुलवा गांव के डीह टोला निवासी मोतीलाल गुप्ता के पुत्र बजरंगी गुप्ता करीब 20 वर्षों से बिहार के छपरा जिले के मसरख थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपट्टी स्टेशन के निकट किराए के मकान में रहते थे। बजरंगी वहां फेरी लगाकर कपड़े, खाट, कुर्सियां आदि बाइक पर रखकर बेचा करते थे। शनिवार की शाम को मसरख थाना क्षेत्र के ही तरैया बाजार के निकट सामने से आ रहे चार पहिया एक वाहन से बजरंगी की बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बजरंगी गंभीर रूप से घायल हो गए। बिहार पुलिस के सहयोग से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बजरंगी के मित्र उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। देर रात उनका शव घर लाया गया। ग्राम प्रधान गुलाबचंद सहित अन्य लोगों ने उनके परिवार को ढांढस बंधाया। बजरंगी अपने माता-पिता की तीसरी संतान थे और उनके तीन बेटे तथा तीन बेटियां हैं। बच्चों सहित उनकी पत्नी लीलावती और मां कलावती का रो-रोकर बुरा हाल था।