पडरौना। शहर के उदित नारायण पीजी कॉलेज के खेल मैदान में पडरौना क्रिकेट क्लब की तरफ से स्वर्गीय कृष्णा साहा व स्वर्गीय विमलेश मल्ल की स्मृति में 18वें वर्ष आयोजित ऑल इंडिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन मंगलवार को ग्रुप-ए का सेमीफाइनल मैच खेला गया। इसमें अयोध्या और वाराणसी के बीच मुकाबला हुआ। इसमें अयोध्या की टीम ने वाराणसी को 109 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अयोध्या की तरफ से गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल करने वाले आशुतोष को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का शुभारंभ भाजपा नेता कृष्ण मुरारी जायसवाल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश वर्मा, आलोक श्रीवास्तव, उग्रेस कुमार, प्रोमिल कुमार, शुभांकर सिंह, अमन कुमार व विक्रम अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अयोध्या टीम के कप्तान आशुतोष ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाजों के बीच शुरुआती ओवरों में 39 रनों की साझेदारी भी हुई।
जब 39 के स्कोर पर विकास के रूप में पहला विकेट गिरा तो वैभव तिवारी ने पारी को संभाल लिया। 53 रन के स्कोर पर अयोध्या का दूसरा विकेट वैभव के रूप में गिरा। इसके बाद खेलने आए गौतम और शुभम पांडेय के बीच हुई अच्छी साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया। निर्धारित 25 ओवर के मैच में 23वें ओवर की गेंदबाजी के दौरान अयोध्या की टीम 183 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
इसमें शुभम ने 38 गेंद पर 59 रन, विजय साहनी ने 25 गेंद पर 29 रन, गौतम ने 12 गेंद पर 23 रन और विकास ने 19 गेंद पर 20 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया।
वहीं, वाराणसी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए शौजाब और आदित्य ने तीन-तीन, आनंद और गौरव ने दो-दो विकेट चटकाएं। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ओवर की गेंदबाजी में ही शून्य के स्कोर पर दो विकेट गिर गए। इसके बाद पूरी टीम दबाव में आ गई। 24 के स्कोर पर वाराणसी की ओर से मध्य क्रम में आने वाले बल्लेबाज भी आउट होकर पवेलियन में लौट गए। 15वें ओवर की गेंदबाजी में वाराणसी की टीम महज 74 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इसमें शौजाब हुसैन ने 15 गेंदों में 19 रन और महंथ ने 14 गेंदों में 17 रन का योगदान दिया।
इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक को भी हासिल नहीं कर सका। दूसरी तरफ, अयोध्या की ओर से गेंदबाजी करते हुए आशुतोष ने चार, अभिषेक और वैभव ने दो-दो, मोहम्मद आमिर और धनंजय ने एक-एक विकेट हासिल किया। चार विकेट लेने वाले अयोध्या के कप्तान आशुतोष को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अंपायर अफरोज राजू और अतुल राव रहे।