पूर्वांचल बैंक शाखा अहिरौली बाजार में चोरी के प्रयास की सूचना पर जांच करते एसओ कसया ।
- फोटो : KUSHINAGAR
पूर्वांचल बैंक शाखा में ताला तोड़कर चोरी का प्रयास
सुबह शाखा प्रबंधक पहुंचे तो ताला टूटा देखकर दी पुलिस को सूचना
गैस कटर से काटा गया था शटर पर लगा ताला
टेकुआटार। कसया थाना क्षेत्र के अहिरौली बाजार स्थित पूर्वांचल बैंक की शाखा के शटर का ताला बृहस्पतिवार की रात में चोरों ने काट दिया था। लेकिन मेन गेट नहीं खोल पाने के चलते बैंक में चोरी का प्रयास सफल नहीं हो पाया। सुबह बैंक मैनेजर शाखा पर पहुंचे तो टूटा ताला देखकर पुलिस को सूचना दी। अनुमान लगाया जा रहा है कि आधी रात में पुलिस का सायरन बजने से चोर भाग गए होंगे।
शुक्रवार को पूर्वांचल बैंक की अहिरौली बाजार शाखा के प्रबंधक जावेद खां जब शाखा खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर का दोनों ताला गैस कटर से काटा गया है। इसकी सूचना अपने उच्चाधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दिए। चैनल खोलकर अंदर पहुंचे तो बैंक का सारा सामान सुरक्षित था। तब तक पुलिस भी पहुंच गई। वहां मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि आधी रात में सायरन बजाते हुए पुलिस की गाड़ी गुजरी थी। संभवत: आवाज सुनकर चोर ताला टूटने के बावजूद भाग निकले होंगे। फिलहाल बैंक का सामान सुरक्षित रहने पर सबने राहत की सांस ली।
एसओ कसया ज्ञानेंद्र कुमार राय ने जांच पड़ताल की। इस मौके पर पूर्व शाखा प्रबंधक ऋषि नरायन शुक्ला, एसआई राजेश कुमार मौर्या, रामचंद्र यादव, रमेशचंद यादव, जिला पंचायत सदस्य राधेश्याम जायसवाल, ग्रामप्रधान अजय जायसवाल समेत तमाम लोग मौजूद रहे। एसओ ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। रात में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। बैंक की निगरानी और बढ़ाई जाएगी।