पिपरा कनक। खेती-किसानी के ऐन वक्त पर डीजल संकट से किसानों का धैर्य जवाब देने लगा है। शुक्रवार दोपहर महुअवा गांव के सामने पेट्रोल पंप पर लोगों ने पंप के कर्मचारियों पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। वहीं बगल के दूसरे पंप पर डीजल नहीं मिलने से नाराज किसान ने अपना ट्रैक्टर फूंकने की कोशिश करने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया।
पटहेरवा से लेकर फाजिलनगर तक एनएच की दोनों तरफ करीब आधा दर्जन पेट्रोल पंप हैं। शुक्रवार को महुअवा गांव के सामने सड़क के दक्षिण तरफ स्थित एक पेट्रोल पंप पर दोपहर में पेट्रोल लेने पहुंचे कुछ बाइक सवारों को पेट्रोल नहीं मिला तो वे पंप कर्मियों से पूछताछ करने लगे। बाइक सवारों का आरोप है कि पेट्रोल नहीं होने का कारण पूछते ही पंप कर्मचारी उनसे उलझ गए। मौजूद अन्य लोगों से भी कहासुनी हुई। बगल के पंप पर डीजल नहीं मिलने से नाराज किसान अपना ट्रैक्टर फूंकने पर उतारू हो गए।
पंप कर्मचारी और मौजूद लोग किसान को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस संबंध में एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा ने कहा कि पेट्रोल पंप पर हंगामा होने की जानकारी नहीं है। यदि शिकायत मिलती है, तो जांच कर पंप संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।