क्षेत्र के गौरीश्रीराम चौराहे के पास स्थित बाजार की जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर धरना पर बैठे एक व्यक्ति के समर्थन में बुधवार को लोगों ने जल सत्याग्रह किया। बांसी नदी के पांडेय पट्टी घाट पर बहुत देर तक पानी में खड़े रहे लोगों ने प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया।
गौरी श्रीराम गांव निवासी भृगुराशन गुप्ता बीते 25 अप्रैल से गांव के हनुमान मंदिर प्रांगण में धरना पर बैठे हैं। भृगुराशन पडरौना-तमकुही मार्ग के किनारे स्थित हॉट बाजार की जमीन से अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर धरना दे रहा है। यह व्यक्ति अतिक्रमण हटवाने के लिए बीते दो साल में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के अलावा सभी अधिकारियों को अब तक 305 पत्र भेज चुका है। रजिस्टर्ड डाक से भेजे गए इन शिकायती पत्रों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बीते 25 अप्रैल से चलाए जा रहे धरना की भी किसी ने सुधि नहीं ली। इससे नाराज लोगों ने भृगुराशन के समर्थन में आंदोलन की घोषणा की थी। बुधवार को 20 से अधिक लोगों ने बांसी नदी के पांडेय पट्टी घाट पर नदी के पानी में खड़ा होकर विरोध जताया।
इस दौरान अनिल राय, मिथिलेश पटेल, अरविंद सागर, अच्छेलाल कुशवाहा, शिवजी वर्मा, दर्शन यादव, बबलू पटेल, सुजीत, जीतन प्रसाद, मनोज शर्मा, चंदन, जीतू, संतोष आदि मौजूद रहे।