कोरोना से आशा की मौत, एक संक्रमित मिला
मृतकों की संख्या बढ़कर 62 हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कोरोना से एक आशा की मौत हो गई है। मोतीचक क्षेत्र की रहने वाली यह महिला लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती थी। उसे लेकर जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 62 हो गई है। एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित मिला है, जो सुकरौली क्षेत्र का निवासी है। इस तरह जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 5703 हो गई है।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि सोमवार को देर शाम तक 313 सैंपल की कोरोना जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 312 निगेटिव और एक पॉजिटिव व्यक्ति है, जो सुकरौली क्षेत्र का निवासी है। इस तरह अब तक कराई गई 3,15,996 लोगों की जांच में 5703 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। एक मरीज सोमवार को इलाज के बाद स्वस्थ मिला। उसे लेकर अब तक 5633 मरीज ठीक हुए हैं। कोरोना महामारी से लखनऊ के एक अस्पताल में जूझ रही मोतीचक क्षेत्र की एक आशा की मौत हो गई है। इस तरह कोरोना महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है। जिले में आठ लोग अब भी इस बीमारी से जूझ रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर 1.80 प्रतिशत, ठीक होने वालों की दर 98.77 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.08 प्रतिशत है। डीएम एस. राजलिंगम ने जनपद के लोगों से कोरोना महामारी से बचाव के लिए कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।